रेस्टोरेंट के भीतर रखा सिलिंडर फटा तो विकराल हुई आग, अग्निशमन विभाग की टीम ने बुझाई–
गोपेश्वर, 05 अप्रैल 2026: रविवार को मंडल में जड़ी-बूटी शोध एवं विकास संस्थान के समीप काफल रेस्टोरेंट पर अचानक आग भड़क गई। बताया जा रहा है कि आकाशीय बिजली गिरने के बाद रेस्टोरेंट में शार्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क गई। रेस्टोरेंट में रखा सामान भी जलकर राख हो गया है। यहां रखा सिलिंडर पर भी जब आग लगी तो वह फट गया, जिससे आग बिकराल हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची अग्निशमन की टीम ने आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि रविवार को अपराह्न करीब तीन बजे मौसम खराब था। अचानक आकाशीय बिजली गिरने से रेस्टोरेंट में शार्टसर्किट हुआ और आग लग गई।
यह रेस्टोरेंट स्थानीय मनीष नौटियाल का है और ऋषिकेश निवासी राजीव गुप्ता को किराए पर दिया गया है। इन दिनों रेस्टोरेंट बंद था। बताया कि प्रथम दृष्टया आकासीय बिजली गिरने के बाद रेस्टोरेंट में शार्टसर्किट होने से आग लगने की सूचना है। इसकी जांच भी की जा रही है। आग बुझाने में अग्निशमन अधिकारी नरेश सिंह, अनूप सिंंह, यशवंत सिंह, पवन सिंह, अंकित सिंह, रश्मि आदि शामिल रहे।


