सीएम ने कहा, धामों में कूड़ा फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई–
ऋषिकेश, 19 अप्रैल 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा को पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त बनाया जाएगा। प्लास्टिक बोतलों के उचित प्रबंंधन के लिए डिजिटल डिपाजिट रिफंड सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर, मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश में चारधाम यात्रा बस ट्रांजिट कैंप परिसर में हरी झंडी दिखाकर चारधाम यात्रा का आगाज किया, इसके साथ ही चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। यात्रियों ने जय बाबा केदार, जय बदरीविशाल, जय मां गंगे और जय मां यमुना के जयकारे के साथ यात्रा का श्रीगणेश किया।
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार यात्रा को सुगम बनाने में सदैव प्रयासरत है। यमुनोत्री और गंगोत्री के कपाट खुलने के साथ ही आज उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का आगाज हो जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त यात्रा रोटेशन समिति की ओर से किया गया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज ऐसा लग रहा है कि भगवान यहां आए हुए हैं। कहा कि जिसके मन में सनातन है, चारधाम की यात्रा वही करता है और उस पर भगवान की कृपा सदैव बनी रहती है।
यह यात्रा आस्था, साधना और शिवत्व को जोड़ने का मार्ग है। यात्रा में कठिन भौगोलिक परिस्थितियां आती हैं लेकिन कठिन यात्रा ही भगवान को पाने का मार्ग है। जिनका जन्म इस देवभूमि में हुआ है, वह तो सौभाग्यशाली है और जो यहां आ रहे हैं वह परम सौभाग्यशाली हैं। चारधाम यात्रा हमारी आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। इस वर्ष भी यात्रा नया आयाम स्थापित करेगी। हमारी सरकार यात्रा को सुगम बनाने में सदैव प्रयासरत है।


