गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने वीडियो जारी कर कहा, जल्द संचालित होगा डायलेसिस सेंटर–
गोपेश्वर, 04 जून 2026: गोपेश्वर में जल्द ही चार बेड का डायलेसिस सेंटर का संचालन शुरू हो जाएगा। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने इसके संकेत दिए हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी। कहा कि इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, जिससे जिले के किडनी रोगियों को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिल सकेगी।
हाल ही में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के गोपेश्वर दौरे के दौरान उनसे डायलेसिस सेंटर खोलने की मांग जनप्रतिनिधियों ने की गई थी। सांसद ने इस मांग को स्वीकार करते हुए सेंटर की स्थापना को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
उन्होंने बताया कि सांसद ने इस संबंध में चमोली जिला प्रशासन से आवश्यक दस्तावेज भी मांगे हैं। डायलेसिस सेंटर की स्थापना सांसद निधि से की जाएगी और इसके लिए आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं।
सेंटर शुरू होने के बाद किडनी रोगियों को उपचार के लिए अन्य शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी।
भाजपा नेता एवं नगर पालिका के पूर्व सभासद नवल भट्ट ने सांसद की इस पहल का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डायलेसिस सेंटर की स्थापना जिले के मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

