मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा राष्ट्रीय खेल नीति 2025 के अनुरुप उत्तराखंड में नई खेल नीति होगी तैयार–
देहरादून, 2 जुलाई 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राष्ट्रीय खेल नीति 2025 के अनुरूप उत्तराखंड में नई खेल नीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा तथा अधिक से अधिक खिलाड़ियों को खेल विभाग में नियुक्ति देने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्य के खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्तराखंड राज्य खेल विश्वविद्यालय, गोपालधाम और हरिद्वार में प्रस्तावित खेल विद्यालयों में आगामी माह से शैक्षणिक सत्र शुरू करने तथा प्रशिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मिनी स्टेडियमों और खेल सुविधाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून, हल्द्वानी गोलापार स्टेडियम, रुद्रपुर वंदेमातरम् स्टेडियम, टिहरी झील, हरिद्वार और पिथौरागढ़ में विकसित खेल परिसरों की सुविधाओं को खिलाड़ियों के लिए और अधिक उपयोगी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने 39वें राष्ट्रीय खेल 2027 की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने, चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने तथा प्रत्येक जिले में स्थानीय खेलों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही जिला खेल छात्रावासों को संबंधित जिलों के प्रमुख खेलों की नर्सरी के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 29 खेल अवसंरचना परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि कई अन्य परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

