भारी बारिश से चमोली जिले में 37 ग्रामीण सड़कें बंद, बदरीनाथ हाईवे पर भी यातायात हुआ खतरनाक–
गोपेश्वर, 21 जुलाई 2026: भारी बारिश के कारण चमोली जिले में भूस्खलन और भूधंसाव से 37 ग्रामीण सड़कें अब भी बंद हैं। बदरीनाथ हाईवे भी कई जगहों पर बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। बिरही-निजमुला सड़क काली चट्टान के समीप भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आने से अवरुद्ध हो गया है। सड़क के बंद होने से निजमुला घाटी के लगभग 15 गांवों के ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। कई शिक्षक-शिक्षिकाओं को विद्यालय तक पहुंचने में भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा।
इधर, जिले में बारिश के चलते कुल 37 सड़कें प्रभावित हुई थीं। नंदप्रयाग-नंदानगर सड़क पर नंदप्रयाग से करीब 500 मीटर आगे सुबह मलबा आने से यातायात बाधित हो गया था। लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को बहाल किया।

वहीं, रविवार और सोमवार रात की बारिश के बाद बदरीनाथ हाईवे पर भनेरपाणी और पागल नाला में मलबा आने से बदहाल स्थिति में पहुंच गया है।

