राष्ट्रीय शिक्षा नीति, परीक्षा प्रणाली, क्रेडिट प्वाइंट और छात्रवृत्ति योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी–
नंदानगर, 05 अगस्त 2026: शहीद जगदीश प्रसाद पुरोहित राजकीय महाविद्यालय नंदानगर में बुधवार को नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति, महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देना रहा।

शिक्षाशास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. आशु रौलेट ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति की विस्तृत जानकारी दी। संस्कृत विभाग की प्राध्यापिका फरीन रानी ने महाविद्यालय में संचालित सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से विद्यार्थियों को अवगत कराया। इतिहास विभाग के प्राध्यापक डॉ. दीपक कुमार ने क्रेडिट प्वाइंट प्रणाली की जानकारी दी, जबकि डॉ. अब्दुल अहद ने परीक्षा प्रणाली की विस्तार से जानकारी साझा की। योग प्रशिक्षक नीलम ने योग एवं उससे जुड़ी गतिविधियों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपा ने किया। उन्होंने उत्तराखंड सरकार की ओर से उच्च शिक्षा के लिए संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी।

अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विद्याशंकर शर्मा ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

