रांगतोली गांव के एक गौशाला के पास लावारिस हालत में मिला था नवजात, मुंह में ठूंसा था रबड़–
गोपेश्वर, 22 अगस्त 2026: दशोली विकास खंड के रांगतोली गांव में गौशाला के समीप लावारिस हालत में मिले नवजात की 15 दिन तक जिंदगी से जूझने के बाद सांसें थम गई हैं। बृहस्पतिवार को श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान नवजात ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने डीएनए सुरक्षित रखने के बाद नवजात का चमोली में अंतिम संस्कार कर दिया।
बीते छह अगस्त की सुबह रांगतोली गांव में गौशाला जा रही एक महिला ने नवजात को लावारिस हालत में पड़ा देखा था। नवजात के मुंह में रबड़ठूंसा हुआ था। महिला की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को जिला चिकित्सालय ले गई। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे श्रीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था।
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में करीब 15 दिन तक नवजात का उपचार चला, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका। बताया गया कि मल्टीपल इंफेक्शन के कारण उसकी मौत हुई। इधर, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि उपचार के दौरान नवजात की मौत हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और नवजात का डीएनए सुरक्षित रखा गया है।

