देवलधार के ज्वाला देवी मंदिर में भोग पूजा के बाद गोपेश्वर के गोपीनाथ मंदिर पहुंची डोली, अब छह माह यहीं होंगे दर्शन–
गोपेश्वर, 19 अक्टूबर 2026: हिमालय क्षेत्र में स्थित चतुर्थ केदार रुद्रनाथ की डोली सोमवार को अपने शीतकालीन गद्दीस्थल गोपीनाथ मंदिर में विराजमान हो गई है। इससे पूर्व विधि-विधान से गोपीनाथ मंदिर परिसर में रुद्रनाथ भगवान की विशेष पूजाएं आयोजित हुई। स्थानीय लोगों ने भगवान को अर्घ्य अर्पित किया। यहां बड़ी संख्या में रुद्रनाथ के दर्शनों को पहुंचे भक्तों ने बम-बम भोले के जयकारे लगाए।
रुद्रनाथ मंदिर के कपाट 17 अक्तूबर को रात आठ बजे शीतकाल के लिए बंद हो गए थे। 18 को डोली ग्वाड़ गांव के जाख मंदिर से होते हुए ज्वाला मंदिर देवलधार पहुंची। सोमवार को भोग लगने के बाद डोली ने भक्तों के साथ गोपीनाथ मंदिर के लिए प्रस्थान किया। अपराह्न करीब छह बजे डोली गणेश मंदिर होते हुए गोपीनाथ मंदिर में पहुंची। यहां डोली ने मंदिर की परिक्रमा की।
इस मौके पर रुद्रनाथ-गोपीनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज भट्ट, शांति प्रसाद भट्ट, वेदप्रकाश, मनीष नेगी, महेंद्र सिंह नेगी, देवेंद्र सिंह बिष्ट, सतेंद्र सिंह, योगी नेगी के साथ ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।

