सेना के जवानों ने दो किलोमीटर मार्ग से हटाई बर्फ, बर्फ हटाने में जुटे सेना के 40 जवान–
जोशीमठः सात शिखरों के बीच स्थित प्रसिद्घ हेमकुंड साहिब के कपाट 22 मई को आम श्रद्घालुओं के लिए खुल जाएंगे, इसके लिए हेमकुंड साहिब ट्रेक को सुचारु किया जा रहा है, यहां भारतीय सेना के 40 जवानों के साथ ही सेवादार बर्फ हटाने में जुटे हैं, गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि दो किलोमीटर मार्ग से बर्फ हटा ली गई है, जबकि अब मात्र डेढ़ किलोमीटर मार्ग से बर्फ हटानी शेष है.
हेमकुंड साहिब में अभी भी करीब पांच फीट तक बर्फ जमी है, चारों ओर से घिरी चोटियां भी बर्फ से लकदक हैं, दो सालों से कोरोना संक्रमण के चलते हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा भी प्रभावित रही, लेकिन इस बार सामान्य स्थिति होने पर हेमकुंड साहिब में तीर्थयात्रियों की भारी संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जिसे देखते हुए हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट हेमकुंड साहिब के साथ ही यात्रा पड़ावों और खासकर गोविंदघाट में यात्रा तैयारियों को अंतिम रुप देने में लगा हुआ है।गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के उपाध्यक्ष सरदार नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि सेना के जवान हेमकुंड साहिब के आस्था पथ से बर्फ हटाने में जुटे हैं, अभी तक दो किलोमीटर मार्ग से बर्फ हटा ली गई है,
गोविंदघाट गुरुद्वारे के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि यदि मौसम ने साथ दिया तो जल्द ही हेमकुंड साहिब तक मार्ग को पूरी तरह से सुचारू कर लिया जाएगा, उन्होंने बताया कि गोविंदघाट, जोशीमठ, गोविंदधाम में यात्रा तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं.

