सेंचुरी एरिया में चल रहा था निर्माण कार्य, लंबी दूरी की गश्त पर वन विभाग की टीम–
गोपेश्वर: नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन ने हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर भ्यूंडार और रामढुंगी में अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया है। भ्यूंडार में वन भूमि पर घोड़ा-खच्चरों का बुकिंग काउंटर बिना वन विभाग की अनुमति के बन रहा था, जबकि रामढुंगी में भी बिना बताए कुछ लोगों की ओर से पक्का निर्माण कार्य करवाया जा रहा था. वन विभाग की लंबी दूरी की गश्त पर गई टीम ने अवैध निर्माण को चिन्हित किया था.
नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के रेंजर वृजमोहन भारती ने बताया कि दोनों जगहों का अतिक्रमण हटा लिया गया है, घांघरिया में भी अतिक्रमण पर पूरी नजर रखी जा रही है, यहां निर्माण कार्यों का विस्तारीकरण नहीं होने दिया जा रहा है, यहां जो निर्माण कार्य पूर्व में हुए हैं, उन्हें छोड़कर कोई भी निर्माण कार्य नहीं होने दिया जा रहा है. क्षेत्र में वन विभाग की टीम पूरी तरह से मुस्तैद है. रामुढुंगी और भ्यूंडार के समीप निर्माण कार्यों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि यह संपूर्ण क्षेत्र सेंचुरी एरिया है, यही कारण है कि हेमकुंड साहिब में अस्थाई हेलीपेड निर्माण का प्रस्ताव भी निरस्त हुआ है, उन्होंने बताया कि बर्फबारी में भी पार्क की टीम लगातार लंबी दूरी की गश्त करती है.

