बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा पर गए तीर्थयात्री हाईवे के दोनों ओर फंसे, भारी बारिश से उफान पार आए नाले–
जोशीमठः पिछले कुछ दिनों से बदरीनाथ क्षेत्र में रुक-रुककर मूसलाधार बारिश हो रही है। बदरीनाथ हाईवे पर खचड़ा नाला और लामबगड़ नाला में हाईवे का करीब 15 मीटर हिस्सा बह गया है। जिससे बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा पर जा रहे और लौट रहे तीर्थयात्री हाईवे खुलने का इंतजार कर रहे हैं। बदरीनाथ हाईवे की स्थिति कई जगहों पर खतरनाक बन गई है। पागल नाला में भी हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा आया है। जिसे हटा लिया गया है। लेकिन खचड़ा नाला और लामबगड़ नाले में अभी हाईवे खुलने के आसार नहीं हैं।
शुक्रवार को सुबह कुछ देर के लिए खचड़ा नाले में हाईवे अवरुद्घ हुआ था, जिसे सीमा सड़क संगठन ने जेसीबी की मदद से खोल दिया था। लेकिन दोपहर बाद क्षेत्र में हुई भारी बारिश से लामबगड़ नाले में उफान आ गया। यहां करीब आठ मीटर तक सड़क बह गई, जबकि खचड़ा नाले में भी सड़क का कुछ हिस्सा बह गया है।
अभी सीमा सड़क संगठन बारिश बंद होने का इंतजार कर रहा है। यहां देर रात तक ही हाईवे के सुचारु होने की संभावना है। संगठन के कमांडर कर्नल मनीष कपिल ने बताया कि हाईवे को भारी से काफी नुकसान हुआ है। बारिश थमने के बाद जेसीबी से हाईवे को सुचारु करने का काम शुरू किया जाएगा।

