गांवों में पहुंचे दो लोग सोने-चांदी के आभूषणों पर केमिकल डालकर कर रहे थे ठगी, पुलिस ने दबोचे–
पौड़ीः गांवों में सोने-चांदी को चमकाने वाले लोगों से सावधान रहें। पौड़ी में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां आभूषणों को चमकाने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, पौड़ी के सिनला गांव में झारखंड निवासी पवन सोनी और बिहार निवासी खंडार मंडली सोने-चांदी के आभूषणों में केमिकल डालकर ठगी कर रहे थे। ग्रामीणों को शक हुआ तो सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने उनसे एक सोने का गुलबंद और जेवर चमकाने का केमिकल बरामद किया। ये दोनों कुछ दिन से क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे थे। पुलिस ने अन्य लोगों को भी जागरुक किया है कि इस तरह अपने आभूषणों को किसी के पास भी न दें। इससे आप ठगी का शिकार हो सकते हैं।

