मंगलवार रात को लंबी बीमारी के बाद ली अंतिम सांस, बाजार रहा बंद, राजनीतिक, सामाजिक क्षेत्र में रहे सक्रिय–
पीपलकोटीः राज्य आंदोलनकारी सज्जन लाल शाह का मंगलवार रात को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 64 साल के थे। बुधवार को अलकनंदा किनारे पैतृक घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन पर पीपलकोटी बाजार भी बंद रहा।
पीपलकोटी के कांग्रेस नगर अध्यक्ष भुवन लाल शाह के भाई व राज्य आंदोलनकारी के निधन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तराखंड राज्य आंदोलन में बढ़ चढक़र प्रतिभाग करने वाले सज्जन लाल शाह राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में भी काफी सक्रिय रहे। पीपलकोटी के बंड क्षेत्र में होने वाले सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में वे बढ़ चढ़कर प्रतिभाग करते थे। कांग्रेस जिला मुख्यालय गोपेश्वर में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी ने भी उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। श्रद्धांजलि देने वालों में मुख्यालय प्रभारी आनंद सिंह पंवार, ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद सिंह सजवाण, रवींद्र नेगी, युद्धवीर बर्त्वाल, ऊषा रावत, सूर्य प्रकाश पुरोहित, संदीप भंडारी, दीवान सिंह बिष्ट, धीरेंद्र गरोड़िया के साथ ही कई कांग्रेसजन व राज्य आंदोलन कारी मौजूद रहे।

