खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक को नशे की हालत में पाया, शिक्षक के खिलाफ जांच शुरु–
गोपेश्वरः विकासखंड नंदानगर के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक शिक्षक विद्यालय आने के बजाय कमरे में शराब पीकर पड़ा हुआ था। ग्रामीणों की शिकायत पर विद्यालय पहुंची शिक्षा विभाग की टीम ने अध्यापक के खिलाफ रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को भेज दी है। मुख्य शिक्षा अधिकारी कुलदीप गैरोला ने नशे में धुत्त शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
विकासखंड नंदानगर के दूरस्थ विद्यालय स्यारी के ग्रामीणों ने खंड शिक्षा अधिकारी से शिकायत की कि प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक कई दिनों से शराब पीकर विद्यालय पहुंच रहा है। शिकायत पर खंड शिक्षा अधिकारी पंकज उप्रेती ने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र प्रसाद जुयाल के नेतृत्व में एक टीम मौके पर भेजी। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जांच टीम जब विद्यालय पहुंची तो वहां शिक्षक नहीं था। वह शराब के नशे में कमरे पर ही पड़ा हुआ था। विद्यालय प्रबंधन कमेटी के सदस्य व ग्रामीण शिक्षक को नशे की हालत में ही विद्यालय लेकर आए।
जांच में पता चला कि शिक्षक तीन दिन से विद्यालय नहीं आया है। साथ ही विद्यालय में मध्याहन भोजन भी नहीं बना था। शिक्षक के खिलाफ जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट दे दी है, जिसे जिला शिक्षा अधिकारी को भेज दिया गया है। वहीं से आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्राम प्रधान भरत सिंह ने बताया कि विद्यालय में 30 बच्चे पढ़ रहे हैं। शिक्षक कई दिनों से शराब पीकर विद्यालय आ रहा था। नशे में धुत्त शिक्षक का सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।

