विष्णुगाड परियोजना की सुरंग निर्माण में हो रहे अंधाधुंध विस्फोट से हरसारी के ग्रामीण परेशान–
गोपेश्वरः टीएचटीसी द्वारा निर्माणाधीन 444 मेगावाट की पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना के सुरंग निर्माण में इन दिनों अंधाधुंध विस्फोट किए जा रहे हैं। जिससे परियोजना प्रभावित ग्राम पंचायत हाट के हरसारी तोक के ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विस्फोट नहीं रोके गए तो हरसारी गांव का हश्र भी कहीं जोशीमठ की तरह ही न हो जाए। उन्होंने तत्काल विष्णुगाड परियोजना के निर्माण पर रोक लगाने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार पहले हमारी सुरक्षा करे, इसके बाद कंपनी को विस्फोट की अनुमति दी जाए।
हरसारी गांव में मौजूदा समय में लगभग 12 परिवार निवास करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि टीएचडीसी के अधिकारियों की क्षेत्र में तानाशानी चल रही है। सुरंग निर्माण में अंधाधुंध विस्फोट किए जा रहे हैं। जिससे क्षेत्र की जमीन भी कंपन कर रही है। मकानों में दरारें आ गई हैं।
हरसारी गांव की घूरी देवी और तारेंद्र जोशी का कहना है कि क्षेत्र में परियोजना निर्माण घातक सिद्घ हो रहा है। लोगों की मकानें रहने लायक नहीं रह गई हैं। ग्राम प्रधान राजेंद्र हटवाल का कहना है कि टीएचडीसी की ओर से सुरंग निर्माण में अंधाधुंध विस्फोट करवाए जा रहे हैं। जिससे ग्रामीणों के आवासीय मकानों में दरारें आ रही हैं। ग्रामीणों की न तो टीएचडीसी के अधिकारी सुन रहे हैं और ना ही जिला प्रशासन। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि जल्द ही क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया जाए।

