सलूड़ डुंग्रा में भव्य तरीके से आयोजित हुआ विश्व धरोहर रम्माण मेला–
जोशीमठः नगर क्षेत्र के समीप सलूड़ डुंग्रा में हर साल बैशाख माह में होने वाला विश्व धरोहर रम्माण मेला बृहस्पतिवार को आयोजित हुआ। मेले में ढोल दमाऊ की थाप पर रामकथा के वर्णन के साथ मुखौटा नृत्य ने लोगों को भाव विभोर कर दिया।
बृहस्पतिवार को विश्व सांस्कृतिक धरोहर रम्माण मेले का भव्य आयोजन भूमियाल देवता के मंदिर प्रांगण किया गया। मेले में राम कथा का जागरों के माध्यम से वर्णन किया गया। जिसमें राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान की वेशभूषा में मुखौटा पहनकर पूरे दिन 18 तालों में नृत्य किया गया।
राम कथा में श्री राम और लक्ष्मण जन्म, सीता स्वयंवर, वन प्रस्थान, स्वर्ण मृग, सीता हरण, हनुमान मिलन, लंका दहन का वर्णय किया गया। मुखौटा नृत्य में सूरज, गणेश, म्वर-म्वारी, माल नृत्य का भी आयेजन किया गया।
रम्माण मेले के संयोजक कुशाल सिंह भंडारी ने बताया कि बैशाख माह की संक्रांति पर क्षेत्रपाल देवता के प्रांगण में रम्माण मेला शुरू हो जाता है। पौराणिक परंपरा के तहत आयोजित होने वाले इस मेले को हर साल आयोजित किया जाता है।
मेले के दौरान संस्कृति कर्मी डा. दाताराम पुरोहित, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कृष्णमणि थपलियाल, भाजपा प्रदेश मंत्री अनुसूचित जाति मोर्चा गुड्डू लाल, भरत सिंह पंवर, भरत सिंह कुंवर विक्रम फरस्वाण, विकेश कुंवर, धर्मेंद्र नेगी, प्रमिला देवी, महेश्वरी देवी के साथ ही सैकड़ों लोग मौजूद रहे। खराब मौसम के बीच लोगों की अच्छी खासी संख्या रही।

