साधु की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने वाले व्यक्ति पर भी आईटी एक्ट में हो सकती कार्रवाई–
चमोली: बदरीनाथ धाम को लेकर की गई धार्मिक टिप्पणी पर बदरीनाथ कोतवाली पुलिस ने एक साधु के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बुधवार को धाम में रह रहे स्वामी अदृश्यानंद की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर साधु के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
पुलिस उस यूट्यूबर पर भी कार्रवाई कर सकती है, जिसने सोशल मीडिया पर साधु की धार्मिक टिप्पणी करने वाली वीडियो अपलोड की है। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर माणा गांव में भीम पुल के समीप एक साधु बदरीनाथ धाम को लेकर धार्मिक टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहा है।
मामले में बदरीनाथ धाम में रह रहे साधुओं में भी आक्रोश है। बदरीनाथ कोतवाली के एसएसआई एलपी बिजल्वाण ने बताया कि साधु के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर मामले को प्रसारित करने से संबंधित व्यक्ति ने लोगों में धार्मिक भावना भड़काने का काम किया है। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भी आईटी एक्ट में कार्रवाई की जाएगी।


