भगवान गोपीनाथ से मांगी बदरीनाथ जाने की आज्ञा, नृसिंह मंदिर के बाद जाएगी डोली बदरीनाथ धाम–
गोपेश्वर: प्रसिद्ध बाबा विश्वनाथ जगदीशिला की डाेली यात्रा का बुधवार को गोपेश्वर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान डोली गोपीनाथ मंदिर में भी पहुंची। बीते 3 मई को बाबा विश्वनाथ जगदीशिला की डोली यात्रा शुरू हुई थी। विभिन्न जनपदों से होते हुए डोली गोपीनाथ मंदिर में पहुंची। बाबा विश्वनाथ की डोली ने भगवान गोपीनाथ से बदरीनाथ धाम जाने की आज्ञा मांगी। इस दौरान मंदिर में बाबा का आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
30 मई को यात्रा का समापन होगा। पूर्व मंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता मंत्री प्रसाद नैथानी ने बताया कि बाबा विश्वनाथ जगदीशिला की डोली यात्रा ने इस बार अपने 24वें वर्ष में प्रवेश किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कई शक्ति पीठ हैं। देश-विदेश के तीर्थयात्री राज्य में सिर्फ चारधामों के दर्शनों को ही पहुंचते हैं। प्रचार-प्रसार न होने से यात्री शक्ति पीठों तक नहीं पहुंच पाते हैं।
लिहाजा सरकार को शक्ति पीठों के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया जाना चाहिए। डोली यात्रा जोशीमठ नृसिंह मंदिर से होते हुए बृहस्पतिवार को बदरीनाथ धाम पहुंचेगी। इस मौके पर पंडित हरीश भट्ट, ओम प्रकाश नेगी, कमल रतूड़ी आदि मौजूद रहे।


