खंगाले गए कंपनी के दस्तावेज व अन्य महत्वपूर्ण कागजात, अहम सुराग मिले–
गोपेश्वर: सीवर ट्रीटमेंट प्लांट में हुए करंट हादसे के तीन दिन बाद भी पुलिस अभी तक कंपनी के अधिकारियों की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। पुलिस की टीमें दिल्ली, हरियाणा और पटियाला में अधिकारियों की तलाश कर रही हैं। अधिकारियों के फोन स्विच ऑफ आ रहे हैं। पुलिस टीमें जहां भी दबिश दे रही है, उनके हाथ असफलता ही लग रही है। पुलिस कंपनी के कई दस्तावेजों को खंगाल रही है, जिससे कार्रवाई को मजबूती मिल सके। कंपनी के अधिकारी स्विच ऑफ किए हुए हैं, जिससे उन्हें ढूंढने में पुलिस की टीमों को पसीना बहाना पड़ रहा है। हालांकि पुलिस को मामले से जुड़े कई अहम सुराग भी हाथ लगे हैं।
करंट हादसे के बाद शनिवार को पुलिस ने प्लांट के सुपरवाईजर, ऊर्जा निगम के लाइनमैन और जल संस्थान के प्रभारी सहायक अभियंता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब पुलिस एसटीपी का संचालन करने वाली कंपनी के अधिकारियों की गिरफ्तारी को लेकर जगह-जगह छापेमारी कर रही है। पुलिस की दो टीमें पटियाला, दिल्ली और हरियाणा में जमीं हुई हैं। लेकिन टीमों को अभी तक कोई नहीं मिला है। जहां भी टीमें संभावित जगहों पर पहुंची हैं, वहां ताले लटके मिले हैं। टीमें लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


