राजस्व उपनिरीक्षक के साथ घिंघराण रोड पर चिन्हित किया अतिक्रमण, प्रशासन पर लगाया उपेक्षा का आरोप–
गोपेश्वर: जिला मुख्यालय गोपेश्वर के आसपास हो रहे अतिक्रमण के विरोध में महिलाओं ने शुक्रवार को राजस्व उपनिरीक्षक के साथ अतिक्रमण को चिन्हित किया। महिलाओं ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई। कहा गया कि जिलाधिकारी को कई बार अवगत कराने के बावजूद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। उन्होंने अतिक्रमण को लेकर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
वन सरपंच मनोरमा तिवारी और महिला मंगल दल अध्यक्ष सुशीला सेमवाल के नेतृत्व में महिलाएं बढ़ी संख्या में घिंघराण रोड पर नए बस अड्डे तक पहुंची। यहां वन पंचायत की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण के बाबत राजस्व उपनिरीक्षक को अवगत कराया। महिलाओं ने कहा कि कई बार लिखित और मौखिमरुप से प्रशासन को अवगत कराने पर भी यहां हुए पक्के निर्माण को नहीं तोड़ा जा रहा है। कहा गया कि यदि अतिक्रमण को हटाया नहीं गया तो उग्र आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान राजस्व उपनिरीक्षक भी मौके पर मौजूद रहे। महिलाओं ने अतिक्रमण को चिन्हित किया।
कहा कि प्रशासन व वन विभाग की ओर से कोई सुध न लिए जाने से यहां अतिक्रमण कर पक्के निर्माण कर लिए गए हैं। इस मौके पर राज्य आंदोलनकारी चंद्रकला बिष्ट, सरपंच मनोरमा तिवारी, आशा देवी, कुंती चौहान, आनंदी देवी, विजया बिष्ट, मधु बिष्ट, राजमती, मुन्नी देवी, गुड्डी देवी आदि मौजूद रहे।