जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने धाम में मास्टर प्लान के कार्यों का किया निरीक्षण, कार्यों ने पकड़ी रफ्तार–
गोपेश्वर 01 दिसंबर 2024: जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर यहां चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बदरीनाथ धाम में कपाट बंद होने के बाद मास्टर प्लान के कार्यों में काफी तेजी आ गई है। सिविक एमिनिटी सेंटर, टीआईसी और अराइवल प्लाजा का 90 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। दरवाजे, खिड़की व फिनिशिंग का काम चल रहा है।
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर मास्टर प्लान के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में शेष नेत्र झील व बदरीश झील का सौंदर्यीकरण, लूप रोड, बाईपास व स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य पूरा हो गया है।

टीआईसी और सिविक एमिनिटी सेंटर के कार्य इसी सीजन में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। डीएम ने तीर्थ पुरोहित आवास निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा करने को कहा। पीआईयू और जल संस्थान को क्षतिग्रस्त सीवर लाइन को ठीक करने के निर्देश दिए। पर्यटन अधिकारी को प्रसाद योजना के तहत एनपीसीसी के माध्यम से बनाए जा रहे टीआईसी भवन में यात्रा व्यवस्था से जुड़े विभागों के कार्यालय और आवास के लिए कक्ष आवंटन हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। डीएम ने पांडुकेश्वर में योगध्यान बदरी मंदिर और कुबेर मंदिर में यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए शीतकालीन यात्रा के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पीआईयू के अधिशासी अभियंता योगेश मनराल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान एसके श्रीवास्तव, जिला पर्यटन अधिकारी बृजेंद्र पांडेय, बदरीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


