आज से खनन अपशिष्ट हटाने का कार्य होगा शुरू, शीघ्र सामान्य होगा नदी का बहाव
चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि नीती घाटी में तमक नाले में झील से खतरे जैसी कोई स्थिति नहीं है। आज से मलबे का निस्तारण शुरू हो जाएगा, जिससे पानी का निरंतर रिसाव होगा। कहा कि उक्त स्थान पर वर्तमान में किसी बड़े खतरे की स्थिति नहीं है तथा प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि विगत वर्ष भी इसी स्थान पर पानी के रुकने के कारण अस्थायी रूप से प्राकृतिक बाँध बन जाने से झील का निर्माण हुआ था, जिसे सिंचाई विभाग द्वारा समय रहते तोड़ दिया गया था। वर्तमान में नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण वहां हल्के स्तर पर जलभराव की स्थिति बनी है, जिससे छोटी झील जैसी आकृति दिखाई दे रही है। हालांकि इस जलभराव से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि संबंधित स्थल पर जमा खनन अपशिष्ट को हटाने के लिए खनन विभाग द्वारा खनन पट्टा जारी कर दिया गया है। संबंधित ठेकेदार द्वारा सोमवार से खनन अपशिष्ट हटाने का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस कार्य के पूर्ण होते ही नदी का बहाव पुनः पूर्व की भांति सुचारु हो जाएगा।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रशासन, सिंचाई विभाग, खनन विभाग एवं अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर सतत निगरानी बनाए हुए हैं और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूर्णतः तैयार हैं। आमजन से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी सूचना के लिए प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।

