बारिश के साथ हुई जमकर ओलावृष्टि, चारों ओर बिछी सफेद चादर, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी–
गोपेश्वर/पोखरी 13 मई 2026: चमोली जनपद में बुधवार को जमकर ओलावृष्टि हुई और जोरदार बारिश हुई। पोखरी क्षेत्र में भी ओलावृष्टि हुई है। इससे फसलों को नुकसान हुआ है। खासकर बेल वाली सब्जी को भारी नुकसान पहुंचा है। इधर, तहसील ज्योतिर्मठ, नन्दानगर, कर्णप्रयाग, पोखरी, थरालीएंवगैरसैंण में वर्षा नहीं हो रही है किन्तु आसमान में घने बादल लगे हुये है तथा दैवीय आपदा सम्बन्धी सूचना नहीं है।

गोपेश्वर क्षेत्र में बुधवार को अपराह्न करीब चार बजे तेज बारिश के साथ ओलाव़ृष्टि हुई। हालांकि ओलावृष्टि करीब आधा घंटे तक हुई, मगर इतनी ज्यादा हुई कि सड़क भी पूरी तरह से सफेद हो गई थी। कुछ देर तक के लिए वाहनों की आवाजाही भी रुकी रही।

ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। काश्तकार मोहन सिंह, कमल सिंह, दर्शन सिंह और माहेश्वरी देवी का कहना है कि बेल वाली सब्जियों के साथ ही आम, पोलम, आडू, खुमानी के फलों को भारी नुकसान पहुंचा है। साथ ही मटर की खेतों को भी नुकसान हुआ है। इधर, बदरीनाथ धाम के साथ ही हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है, जिससे मौसम ठंडक भरा हो गया है।

