विज्ञान विषय शुरू करने की मांग को लेकर आंदोलित हैं ग्रामीण, बेमियादी अनशन किया शुरू–
नंदानगर, 25 मई 2026: राजकीय इंटर कॉलेज चौनघाट में विज्ञान संकाय का संचालन शुरु करने की मांग को लेकर रामणी, घूनी और पडेरगांव के ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को सड़कों पर फूट पड़ा। ग्रामीणों का आक्रोश है कि कई बार शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से अनुरोध के बावजूद भी विद्यालय में विज्ञान संकाय का संचालन नहीं हो पाया है। तीन गांव के ग्रामीणों ने ढोल दमाऊ के साथ नंदानगर में जुलूस निकाला। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

ग्रामीण लंबे समय से विज्ञान वर्ग शुरू करवाने की मांग कर रहे हैं। विद्यालय में वर्तमान में 335 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। लेकिन जो छात्र-छात्राएं विज्ञान की पढ़ाई करना चाहते हैं उन्हें दूसरे विद्यालय की तलाश करनी पड़ती है। 10 से 15 किमी की दूरी पर स्थित अन्य विद्यालयों में हर दिन आवाजाही करना चुनौतीपूर्ण रहता है। ऐसे में अधिकांश छात्र-छात्राएं विज्ञान की पढ़ाई से वंचित रह जाते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से विज्ञान विषय शुरू करने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन सरकार ने इसपर कोई ध्यान नहीं दिया है।
सोमवार को तीनों गांवों के लोग बड़ी संख्या में नंदानगर पहुंचे। सुतोल मोटर मार्ग पर एकत्रित होकर ग्रामीणों ने ढोल दमाऊ के साथ जुलूस निकाला। ग्रामीण खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे, वहां उन्हें कोई अधिकारी नहीं मिले तो वे कुरुड़ पुल से लक्ष्मी मार्केट होते हुए तहसील पहुंचे। ग्रामीणों ने तहसीलदार आरके देवली के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक विद्यालय में विज्ञान संकाय की मंजूरी नहीं मिल जाती वे आंदोलन स्थगित नहीं करेंगे। वहीं ग्रामीणों के समर्थन में पूर्व विधायक प्रो. जीतराम सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि धरना स्थल पर पहुंचे।

प्रदर्शन करने वालों में रामणी के ग्राम प्रधान कुंवर राम, घूनी की प्रधान ममता देवी, पडेरगांव की प्रधान माहेश्वरी देवी, मोहन सिंह रावत, कुंवर राम, महेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, पूर्व प्रमुख करण सिंह, बीडीसी सदस्य पूरण सिंह, पीटीए अध्यक्ष जितेश सिंह, पार्वती देवी, हरीश रावत, कमलेश गौड़, गोविंद सिंह, सहित बड़ी तादाद में महिलाएं व पुरुष शामिल रहे।

