देहरादूनः मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बुधवार को होने जा रहे शपथ ग्रहण समारोह को खास बनाया जा रहा है। दो दिनों से अधिकारी व कर्मचारी शपथ समारोह के मंच को अंतिम रुप देने में जुटे हैं। शपथ समारोह को लेकर संगठन ने पूरी तैयारी कर ली है। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि समारोह मे प्रदेश के सभी जिलों से कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे। इसमें मंडल स्तर से लेकर शक्ति केंद्र के कर्यकर्ताओ को आमंत्रण भेजा गया है। जिलाध्यक्षों को आने वाले कार्यकर्ताओ की सूची देने को कहा गया है।
शपथ ग्रहण में आने से पहले कार्यकर्ता शक्ति केंद्र स्तर पर कार्यकर्ता मंदिरो मे लोककल्याण के लिए पूजन के भी कार्यक्रम तय किए गए हैं। प्रमुख समाज सेवी,साहित्यकार, लेखक,प्रबुद्ध वर्ग, धार्मिक मठ मंदिरो के साधु शपथ ग्रहण में शरीक हो यह भी सुनिश्चित किया जाए। विस्तारक और प्रवासी कार्यकर्ता को शपथ ग्रहण समारोह मे शरीक होने की सुचना प्रदेश स्तर से दी जाएगी। जिलों में शपथ ग्रहण से सम्वन्धित सूचना जिलाध्यक्षों से ली जा सकेगी। मंदिरों में दिनभर विशेष पूजाओं का कार्यक्रम आयोजित होगा।
श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अपने अधीनस्थ मंदिरों में लोक कल्याण के लिए विशेष पूजा-अर्चना करेगी। बीकेटीसी के मुख्य मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि इस संबंध में मुख्य कार्यधिकारी को जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं। बताया प्रदेश में नई सरकार गठन के उपलक्ष्य में देशवासियों की सुख-समृद्धि व आरोग्य की कामना के लिए पंचकेदार गद्दीस्थल ऊखीमठ, ज्योर्तिमठ, पांडुकेश्वर, शक्तिपीठ कालीमठ, विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी, शिव-पार्वती विवाह स्थली त्रियुगीनारायण और मार्केण्डेय मंदिर मक्कू में सुबह 8 से 10 बजे तक विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।


