तमक गांव के पास सेगड़ी नाले में टूटकर आ गई थी चट्टान, नाले के पानी का रिसाव हुआ कम–
गोपेश्वर: चीन सीमा क्षेत्र में नीती घाटी के सेगड़ी नाले में चट्टान टूटने के बाद कीस्थिति का जायजा लेने आईटीबीपी, एनडीआरएफ और नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क की टीम तमक गांव तक पहुंची, लेकिन जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ है, वहां जाने का रास्ता न होने के कारण टीम बिना जायजा लिए ही लौट आई है। अब जिला प्रशासन ने नाले की वस्तुस्थिति को देखने के लिए शासन से हेलीकॉप्टर की मांग की है।
बुधवार को तमक गांव के पास सेगड़ी नाले में भूस्खलन हो गया था। ग्रामीणों का कहना है कि नाले में झील बन गई होगी। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि नाले के उद्गम स्थल पर झील बनने से निचले क्षेत्रों में बाड़ की स्थिति आ सकती है। उन्होंने जिला प्रशासन से शीघ्र भूस्खलन एरिया के निरीक्षण के लिए टीम भेजने की मांग उठाई थी। शुक्रवार को जोशीमठ से एनडीआरएफ, वन विभाग और आईटीबीपी की एक संयुक्त टीम नीती घाटी के लिए रवाना हुई। लेकिन टीम मौके पर नहीं पहुंच पाई है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि शासन से हेलीकॉप्टर की मांग की गई है। नाले का हवाई सर्वेक्षण किया जाएगा।

