पोखरी में आयोजित हो रहे चंद्रकुंवर बर्त्वाल शरदोत्सव मेले में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनसिंह रावत ने की घोषणा–
पोखरी: सात दिवसीय हिमवंत कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल खादी ग्रामोद्योग एवं शरदोत्सव मेले में सोमवार को उच्च शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्री धनसिंह रावत भी पहुंचे। बतौर मुख्य अतिथि डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि चमोली जनपद के अस्पतालों में जल्दी 20 नए एमबीबीएस डॉक्टर भेजे जाएंगे। साथ ही उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी और राजकीय महाविद्यालया पोखरी को अलग-अलग कार्यों के लिए धनराशि देने की घोषणा की।
मेले के पांचवें दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का डॉ. धनसिंह रावत ने उद्घाटन किया। उन्होंने उच्च शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रदेश सरकार के कार्यों की जानकारी दी। कैबिनेट मंत्री ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पोखरी में विभिन्न कार्यों के लिए पांच करोड़ व सीएचसी पोखरी में चिकित्सक आवास सहित अन्य कार्यों के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जल्दी 34 करोड़ की लागत वाली जिलासू पेयजल योजना का निर्माण कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पंत ने उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें पूर्व में देवस्थानम में स्वीकृत बीफार्मा कॉलेज का निर्माण शुरू कराने, पीजी कॉलेज पोखरी में एमए में कई विषयों व एमएससी की कक्षाओं को स्वीकृति दिलाने, जीआईसी पोखरी के पुराने छात्रावास का पुनर्निर्माण कराने सहित अन्य मांगे शामिल हैं।
पोखरी महाविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष सचिन नेगी, यूआर अंकित चौधरी, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष धीरेंद्र राणा के साथ ही कई जनप्रतिनिधियों ने उच्च शिक्षामंत्री को विभिन्न मांगों के ज्ञापन सौंपे।


