ऋषिकेश महाविद्यालय से प्रयोगात्मक परीक्षा लेकर लाैट रहे थे, धारी देवी के पास ह्दय गति रुकने से थम गई सांसें–
गोपेश्वर: राजकीय महाविद्यालय गोपेश्वर में भू विज्ञान के प्रवक्ता डॉ. अरविंद भट्ट का ह्दय गति रुकने से निधन हो गया। वे 42 वर्ष के थे। सरल, सौम्य, उदार ह्दय के डॉ. अरविंद भट्ट के निधन की जिसको भी सूचना मिली, वे स्तब्ध रह गए। शुक्रवार को वे ऋषिकेश से प्रयोगात्मक परीक्षा लेकर गोपेश्वर लौट रहे थे। धारी देवी के समीप आते आते उनकी तबियतबिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि वे वाहन में अकेले थे। उन्होंने वाहन को बदरीनाथ हाईवे पर किनारे खड़ा किया। इसके बाद उन्होंने वाहन में ही दम तोड़ दिया। घरवालों ने जब फोन किया तो उनका फोन नहीं उठा, जिस पर घरवालों ने इसकी सूचना चमोली पुलिस उपाधीक्षक प्रमोद शाह को दी।
पुलिस ने सर्विलांस के माध्यम से पता लगाया तो फोन की लोकेसन धारी देवी के आसपास मिली। मौके पर पुलिस टीम को भेजा गया। पुलिस टीम को उनका वाहन मिला, जिसमें डॉ. अरविंद भट्ट अचेत अवस्था में पड़े थे। तत्काल उन्हें बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को सुबह पोस्टमार्टम के बाद उन्हें गोपेश्वर लाया जा रहा है। डा. अरविंद भट्ट रुद्रनाथ और गोपीनाथ मंदिर के आचार्य पुरोहित भी हैं।
उनके निधन पर बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष पुष्पा पासवान, प्रेम बल्लभ भट्ट, पीजी काॅलेज के मीडिया कॉर्डिनेटर डॉ. डीएस नेगी, जिला भेषज संघ के अध्यक्ष सतेंद्र असवाल, चमोली जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, सामाजिक कार्यकर्ता सत्येंद्र सिंह रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ ही महाविद्यालय प्रशासन के साथ ही विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरा दुख प्रकट किया है।


