सुभाषचंद्र बोस की जयंती से चलाए हस्ताक्षर अभियान का १० सूत्रीय मांग पत्र केंद्र को भेजा, कई मांगों पर मांगा हक–
गोपेश्वर: सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) ने मंगलवार को न्यूनतम वेतन बढ़ाने सहित अपनी दस सूत्रीय मांगों को लेकर केंद्र सरकार को ज्ञापन भेजा है। सीटू ने सुभाष चंद्र बोस की जयंती से 13 दिनों तक मांग पत्र पर हस्ताक्षर अभियान चलाया। जिसे मंगलवार को प्रधानमंत्री को भेजा गया। सीटू ने न्यूनतम वेतन को बढ़ाकर 26 हजार रुपये करने, पुरानी पेंशन योजना को शुरू करने, निजी व सरकारी संस्थाओं में ठेके पर काम करने वालों को उसी संस्थान में स्थाई करने, आंगनबाड़ी व भोजन माताओं का न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये करने, बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने, रेलवे के निजीकरण पर रोक लगाने सहित अन्य मांगें शामिल हैं। मांग पत्र में 300 से अधिक हस्ताक्षर किए गए हैं। ज्ञापन देने वालों में संगठन के जिलाध्यक्ष मदन मिश्रा व जिला महामंत्री मनमोहन रौतेला के साथ ही कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


