लहुलुहान घायल कर्मचारी को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में किया गया भर्ती, रात की है घटना–
गोपेश्वर: एक शादी समारोह में गए दो कर्मचारी आपस में ही लड़ गए। जब स्थिति ज्यादा ही बिगड़ गई तो एक कर्मचारी ने दूसरे पर चाकू घौंपकर उसे लहूलुहान कर दिया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को गोपेश्वर-घिंघराण रोड से आगे कौंजपोथनी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गोपेश्वर से सांख्यिकी विभाग में संविदा पर तैनात मनमोहन सिंह राणा पुत्र केएस राणा भी अन्य कर्मचारियों के साथ गए थे, मंगलवार रात को कौंज पोथनी में मेहंदी कार्यक्रम था।
इस दौरान मनमोहन की अपने ही विभाग के कर्मचारी संचित तिवारी से बहस हुई। ये दोनों कर्मचारी गांव में पहुंचे थे। इस घटना के बाद से गांव के ग्रामीण अचंभित हैं। रात को ही घायल कर्मचारी को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने बताया कि घायल का इलाज किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने गांव में झगड़ा नहीं किया। रास्ते में उनका झगड़ा हुआ है।



