छात्रा के माता-पिता ने खंड शिक्षाअधिकारी से की शिकायत, शिक्षक को दूसरे विद्यालय में किया अटैच–
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जनपद के एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक शिक्षक पर छात्रा के साथ अश्लील व्यवहार करने का मामला प्रकाश में आया है। छात्रा के माता-पिता ने खंड शिक्षाअधिकारी को इस संबंध में एक शिकायती पत्र सौंपा है। जिसमें शिक्षक पर कई बार छात्रा के साथ अश्लील व्यवहार करने और छात्रा को धार्मिक रुप से भी प्रभावित करने का आरोप लगाया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खंडशिक्षाअधिकारी ने तत्काल शिक्षक को संबंधित विद्यालय से हटाकर अन्यत्र विद्यालय में अटैच कर लिया है। साथ ही मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भी भेज दी है। मामले में जिला शिक्षाअधिकारी ने भी खंड शिक्षाअधिकारी को विभागीय कार्रवाई के साथ ही शिक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। खंड शिक्षाअधिकारी पंकज कुमार उप्रेती ने बताया कि मामले में शिक्षक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जा रही है।

