मतदान सामग्री रिसीविंग में लगी थी कर्मचारी की ड्यूटी, बिजली न होने से सड़क से नीचे गिरा–
गोपेश्वर: पीजी कॉलेज रोड पर एक मतदान कर्मी अंधेरा होने के कारण सड़क से नीचे जा गिरा। जिससे कर्मी के कमर की हड्डी पर गहरी चोट लगी है। अन्य कर्मियों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उनका इलाज कर आराम करने की सलाह दी है।
शुक्रवार रात को मतदान सामग्री जमा करने में तैनात निर्वाचन कर्मी ओम प्रकाश खाली की ड्यूटी थराली की ईवीएम मशीनों की रिसीविंग में लगी थी। रात को करीब आठ बजे वे बाथरुम जा रहे थे। इसी दौरान पोस्टऑफिस के समीप बिजली न होने के कारण ओमप्रकाश सड़क से नीचे गिर गया।
नीचे सीमेंट की दीवार होने के कारण उनके पीठ की हड्डी पर गहरी चोट लगी। वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने उन्हें उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। एक्सरे में पीठ की हड्डी पर गहरी चोट होना बताया गया है। चिकित्सकों ने कर्मी को आराम करने की सलाह दी है।


