सेना के जवान जुटे बर्फ हटाने में, हेमकुंड साहिब में अभी आठ फीट तक बर्फ, 25 मई से खुलेंगे हेमकुंड साहिब के कपाट–
गोपेश्वर, ब्यूरो: सात शिखरों के बीच स्थित प्रसिद्ध तीर्थ हेमकुंड साहिब के कपाट आगामी 25 मई को तीर्थयात्रियों के लिए खोल दिए जाएंगे। जिसे देखते हुए हेमकुंड साहिब के पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का काम जारी है।

सेना के जवानों की ओर से कई जगहों पर बर्फ को हटाकर मार्ग को सुचारु कर दिया गया है। यदि मौसम सामान्य रहा तो दस मई तक हेमकुंड साहिब मार्ग से पूरी तरह से बर्फ हटाने का काम किया जाएगा। हेमकुंड साहिब में इस समय करीब आठ फीट तक बर्फ जमी हुई है।

हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई को खुलेंगे। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर जमी बर्फ को सेना के जवानों ने 23 अप्रैल से हटाना शुरू किया। सेना के जवानों ने जहां तक बर्फ हटाकर रास्ता बना लिया है वहां से हेमकुंड साहिब जाने के लिए दो रास्ते निकलते हैं। जिसमें एक सीढि़यां हैं जबकि दूसरा घोड़े खच्चरों के लिए है। गुरुद्वारा के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि सेना के जवान हेमकुंड साहिब के काफी नजदीक तक बर्फ हटा चुके हैं। हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा शुरू होने से पहले बर्फ पूरी तरह से हटा ली जाएगी।


