नंदाकिनी नदी से हो रहे कटाव से असुरक्षित हुआ मंगरोली गांव, जिलाधिकारी से लगाई गुहार, 2013 से हो रहा भूस्खलन–
नंदप्रयाग, 01 मई 2025: नगर पंचायत नंदप्रयाग के मंगरोली वार्ड के लोग नंदाकिनी नदी से डरे हुए हैं। लोगों को बरसात में अपने घर छोड़नेपड़ते हैं। दरअसल, 2013 की आपदा में नंदाकिनी नदी में बाढ़ आ गई थी, जिससे गांव की कई हेक्टेयर कृषि भूमि बह गई थी।
आज भी गांव में लोग सुरक्षित नहीं हैं। ग्रामीणों को हर बरसात में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र नदी किनारे बाढ़ सुरक्षा कार्य करवाने की मांग उठाई है।
पूर्व प्रधान तेजवीर कंडेरी, मंगल सिंह कंडेरी, लक्ष्मण सिंह, महिला मंगल दल अध्यक्ष सुशीला देवी, सरपंच शकुंतला देेवी, ताजवर सिंह और सुनील सिंह कंडेरी का कहना है कि नंदाकिनी नदी हिमालय क्षेत्र से निकलती है।
बरसात में उच्च हिमालय क्षेत्रों में भूस्खलन होने से नदी में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। वर्ष 2013 की आपदा में भी यही हुआ। नदी में बाढ़ आने से मंगरोली गांव में भूकटाव होने से कई हेक्टेयर कृषि भूमि बह गई थी। तब से ग्रामीण यहां बाढ़ सुरक्षा कार्य करवाने की मांग उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि देवी आपदा मद से गांव के निचले हिस्से में बाढ़ सुरक्षा कार्य करवाए जाएं।