कक्षा छह से 12वीं तक की कक्षाओं में हुए दाखिले, विद्यालयों में बढ़ी छात्र संख्या–
चमोली, 07 अप्रैल 2026: धीरे-धीरे लोग अपने नौनिहालों का दाखिला सरकारी विद्यालयों में करवा रहे हैं। मंगलवार को मंगलवार को विभिन्नविद्यालयों में आयोजित हुए प्रवेशोत्सव में हजारों दाखिले हुए। चमोली जनपद में प्राथमिक से लेकर माध्यमिक तक सभी सरकारी विद्यालयों में 6000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने दाखिला लिया। सर्वाधिक नामांकन कक्षा छह में हुए। इस कक्षा के लिए 2900 नामांकन हुए हैं।

सभी शासकीय व शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में प्रवेशोत्सव मनाया गया। विद्यालयों में नए प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का फूल मालाओं से स्वागत किया गया। चमोली जिले में सर्वाधिक प्रवेश उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठवीं तक) पर 3034 दाखिले हुए हैं। वहीं प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांचवीं तक) पर 2008 और माध्यमिक स्तर पर (कक्षा नौ से 12वीं तक) में 1268 छात्र-छात्राओं ने दाखिले लिए।

जिले में कक्षा एक में 1908 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया। कक्षा दो में 32, कक्षा तीन में 27, कक्षा चार में 20, कक्षा पांच में 21 नए छात्र-छात्राओं का प्रवेश हुआ। उच्च प्राथमिक स्तर पर कक्षा छह में 2900, कक्षा सात में 68, कक्षा आठ में 66 नए प्रवेश हुए। वहीं कक्षा नौ में 1238, कक्षा 10 में 24, कक्षा 12 में छह नए छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया। वहीं जीजीआईसी पोखरी में बीईओ विनोद मटूड़ा व प्रधानाचार्य विजयलक्ष्मी रावत ने नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं का फूल मालाओं से स्वागत किया।
मुख्य जिला शिक्षाधिकारी आकाश सारस्वत ने कहा कि जिले के सरकारी विद्यालयों में काफी छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है। सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाएगी।


