प्रदेश अध्यक्ष योगिता ने कहा, गांवों का सर्वोच्च विकास रहेगी प्राथमिकता, गांवों में होगा बुनियादी सुविधाओं का विस्तार–
श्रीनगर/चमोली, 11 अप्रैल 2026: ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद खैनुरी गांंव की ग्राम प्रधान योगिता रावत पहली बार अपने गृह क्षेत्र में पहुंची। शनिवार को जैसे ही उनका काफिला चमाेली बाजार में पहुंचा, तो वहां जनप्रतिनिधियों और आम लोगों का तांता लग गया। चाड़े से लेकर मुख्य बाजार तक रोड शो का आयोजन भी किया गया।

जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। इससे पूर्व देहरादून से आते वक्त देवप्रयाग, श्रीनगर गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, गौचर, कर्णप्रयाग, लंगासू, नंदप्रयाग और चमोली बाजार के साथ ही विभिन्न छोटे कस्बों में भी प्रदेश अध्यक्ष का लोगों ने जोरदार स्वागत किया।

एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगिता रावत ने कहा कि गांवों का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, रोजगार के अवसर बढ़ाने और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर प्रधान संगठन की प्रदेश उपाध्यक्ष सुभागा देवी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष नयन सिंह कुंवर समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और उन्होंने संगठन के प्रति अपना समर्थन भी व्यक्त किया। रविवार को भी क्षेत्र में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।


