बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित हुआ पोषण माह का आयोजन–
गोपेश्वर। बाल विकास विभाग, चमोली की ओर से जनपद में आयोजित पोषण माह का गुरुवार को समापन हुआ। जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित समापन कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने किया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संदीप अरोड़ा ने बताया कि पोषण माह के दौरान जनपद के सभी 1,078 आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने गांव-गांव जाकर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री माताओं, किशोरियों, बच्चों और आमजन को संतुलित आहार, पर्याप्त पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। इन गतिविधियों में आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम सहित विभिन्न विभागों के कार्मिकों ने भी सहभागिता की।

पोषण माह की थीम आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन के अनुरूप स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग और संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर पोषण मटका, दादी अम्मा की रसोई, स्वास्थ्य जांच शिविर सहित अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्रथम प्रसव के 139 और द्वितीय प्रसव के 50 लाभार्थियों के आवेदन फार्म लिए गए, जबकि 56 लाभार्थियों की एनपीसीआई मैपिंग की गई। जनपद के 11 इंटर कॉलेजों में 588 किशोरियों के हीमोग्लोबिन की जांच की गई। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने घर-घर जाकर 4,661 होम विजिट कीं।

पोषण माह के दौरान ग्राम प्रधान, वार्ड मेंबर, ग्राम पंचायत एवं वार्ड सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सक्रिय सहभागिता की। आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोद भराई, अन्नप्राशन, सुपोषण दिवस सहित विभिन्न सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की गईं। बच्चों के वजन और स्वास्थ्य की जांच कर कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों को चिन्हित करते हुए आवश्यक सेवाओं से जोड़ा गया। विभाग के अनुसार पोषण डैशबोर्ड पर कुल 7,308 गतिविधियां दर्ज की गईं, जबकि 2,359 सामुदायिक आधारित गतिविधियां आयोजित हुईं।
समापन कार्यक्रम में पोषण माह के सफल आयोजन और उत्कृष्ट कार्य के लिए विभागीय अधिकारियों, ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं एवं सुपरवाइजरों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 20 बालिकाओं को स्वच्छता किट भी वितरित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव सिंह पाल, जिला समन्वयक विनोद पुंडीर, जिला कार्यक्रम सहायक दिव्या रावत, मिशन शक्ति डीएमसी जगदीश पुरोहित, ऋतु नेगी, आशीष नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

