आध्यात्मिक और प्राकृतिक सुंदरता से अभिभूत हुईं अभिनेत्री, मंदिर समिति ने प्रसाद भेंट कर किया स्वागत
बदरीनाथ। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री रानी मुखर्जी ने बृहस्पतिवार को बदरीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान के दर्शन किए। उन्होंने बदरीनाथ धाम में भगवान बदरीविशाल की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इससे पहले सुबह उन्होंने केदारनाथ धाम में बाबा केदार के दर्शन किए।
बदरीनाथ पहुंचने पर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की ओर से अभिनेत्री का स्वागत किया गया। समिति अधिकारियों ने उन्हें भगवान बदरीविशाल और भगवान केदारनाथ का प्रसाद भेंट किया।
रानी मुखर्जी ने कहा कि बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की आध्यात्मिकता के साथ ही यहां की प्राकृतिक सुंदरता भी उन्हें बेहद प्रभावित करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार की ओर से केदारनाथ और बदरीनाथ धाम को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस दौरान बदरीनाथ के प्रभारी अधिकारी राजन नैथानी, प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल, मंदिर अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़, योगंबर नेगी, राहुल नेगी, वैभव उनियाल, राकेश झिंक्वाण और विकास सनवाल आदि मौजूद रहे।

