जोशीमठ घाटी के आसपास से लोकेशन ट्रेस नहीं, हेलीकॉप्टर में पायलेट सहित छह लोग थे सवार–
गोपेश्वर, 30 अक्तूबर 2026: बदरीनाथ धाम से सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुए ट्रांस भारत एविएशन के एक हेलीकॉप्टर का जोशीमठ घाटी के आसपास संपर्क टूट गया। हेलीकॉप्टर में प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छह लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और सेना को अलर्ट कर दिया गया है। संभावित घटनास्थल के आसपास बचाव अभियान की तैयारी की जा रही है।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि हेलीकॉप्टर दोपहर 1:14 बजे बदरीनाथ से सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ था। जोशीमठ घाटी के आसपास से गुजरने के दौरान हेलीकॉप्टर की लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है। सूचना मिलते ही चमोली जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और सेना की एक टुकड़ी को संभावित घटनास्थल के आसपास बचाव अभियान की तैयारी के लिए रवाना किया गया है।
एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को ग्राउंड कर दिया गया है। हेलीकॉप्टर का पता लगाने और उसमें सवार लोगों की स्थिति का पता लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

