पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना में काम करने आया था, ज्वाइनिंग से पहले हुआ हादसा–
पीपलकोटी। निर्माणाधीन पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के समीप शनिवार रात पैदल रास्ते से गुजरते समय पैर फिसलने से एक मजदूर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में उसकी मौत हो गई। रात को अंधेरा होने के कारण उसका पता नहीं चल पाया। रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान चलाकर शव खाई से बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना में असम की एक कंपनी निर्माण कार्य कर रही है। कंपनी के ठेकेदार के साथ काम करने के लिए असम से मजदूरों की एक टीम यहां पहुंची थी। शनिवार रात एचसीसी कंपनी परिसर के समीप पैदल रास्ते से गुजरते समय सोनितपुर, असम निवासी 45 वर्षीय मोहन लोहार का पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरा। साथी मजदूरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद ज्योतिर्मठ से मुख्य आरक्षी महेश ऐठानी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण रात में उसका पता नहीं चल पाया।

रविवार सुबह दोबारा सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें मजदूर का शव बरामद हुआ। चमोली थानाध्यक्ष मनोज सिरोला ने बताया कि शव को रेस्क्यू कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मोहन ठेकेदार के साथ काम करने के लिए असम से आया था। ज्वाइनिंग से पहले ही वह हादसे का शिकार हो गया।

