लोगों के सब्र का बांध टूटने लगा, आंदोलन तेज करने की चेतावनी; शासनादेश और वित्तीय स्वीकृति मिलने तक जारी रहेगा क्रमिक अनशन–
गोपेश्वर, 22 नवंबर 2026: मोहनखाल-किणझाणी-चोपता-तुंगनाथ मोटर मार्ग की मांग को लेकर मोहनखाल में चल रहा अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन रविवार को 100वें दिन भी जारी रहा। लंबे समय से मांग पूरी नहीं होने पर अब आंदोलनकारियों के सब्र का बांध टूटने लगा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द सड़क निर्माण का शासनादेश और वित्तीय स्वीकृति जारी नहीं हुई तो आंदोलन को जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक तेज किया जाएगा।

अनशन स्थल पर आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के विकास और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। मोटर मार्ग का निर्माण नहीं होने से क्षेत्र पर्यटन सर्किट से नहीं जुड़ पा रहा है। वहीं, क्षेत्रवासियों को तृतीय केदार तुंगनाथ और चोपता पहुंचने के लिए करीब 60 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से आंदोलन किए जाने के बावजूद अधिकारी उनकी मांग को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
सड़क संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक सड़क निर्माण का शासनादेश जारी होने के साथ वित्तीय स्वीकृति नहीं मिल जाती, तब तक क्रमिक अनशन जारी रहेगा। मांग पूरी कराने के लिए आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

इस मौके पर ताली गांव के राजीव सिंह नेगी, सौरभ सिंह नेगी, राहुल सिंह नेगी, सुनील सिंह, रविंद्र थपलियाल, धीरज नेगी, ललित मोहन, बलवीर सिंह, वासुदेव सिंह नेगी, गंभीर सिंह, बृजपाल सिंह, ओमप्रकाश, राकेश सिंह, दर्शन सिंह, सुखदेव सिंह, मुकेश सिंह, संजय सिंह, प्रकाश लाल, राखी, अनिल सिंह राणा, अमर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, पुष्कर सिंह, अंबरीश, शैलेश थपलियाल और जीतपाल सिंह के साथ ही कई लोग मौजूद रहे।

