जोशीमठः इस वर्ष हेमकुंड साहिब के कपाट नियत तिथि से तीन दिन पहले खुल जाएंगे। हेमकुंड के कपाट 22 मई को आम श्रद्घालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे, श्री हेमकुंड मैनेजमेंट ट्रस्ट ने इसकी घोषणा की है। जबकि पूर्व में 25 मई से हेमकुंड साहिब के कपाट खोले जाते थे। गुरुद्घारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि 22 मई को हेमकुंड साहिब के कपाट श्रद्घालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। सेना और सेवादारों की ओर से हेमकुंड साहिब के तीन किलोमीटर पैदल ट्रेक से बर्फ हटाने का काम 10 अप्रैल से शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हेमकुंड में अभी भी आठ से दस फीट तक बर्फ जमी है। गोविंदघाट गुरुद्वारे से लेकर घांघरिया तक 13 किलोमीटर पैदल ट्रेक से बर्फ पूरी तरह से पिघल गई है, लेकिन हेमकुंड साहिब से तीन किलोमीटर पहले से ही रास्ते में कई फीट बर्फ जमी हुई है, जिसे सेना के जवानों और सेवादारों द्वारा हटाया जाएगा। हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने से पहले आस्था पथ से पूरी तरह से बर्फ हटा ली जाएगी।

