अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा, गेट तोड़ने के लिए किया जेसीबी का प्रयोग-
पीपलकोटीः नगर पंचायत पीपलकोटी का बिरही के पास लगाया गया स्वागत गेट शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। नगर पंचायत की ओर से इस मामले में अज्ञात के खिलाफ पीपलकोटी चौकी में एफआईआर दर्ज कराई गई है। गेट को तोड़ने के लिए जेसीबी या पोकलैंड मशीन का प्रयोग किया गया है।
नगर पंचायत के अध्यक्ष रमेश बंडवाल और अधिशासी अधिकारी बीना नेगी ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से इसी वित्तीय वर्ष में बिरही चाड़े से आगे गौडिय़ा की तरफ स्वागत गेट लगाया गया था। यह काफी पक्का और मजबूत था, जो आसानी से नहीं टूट सकता था।
इस स्वागत गेट को शरारती तत्वों ने जेसीबी या पोकलैंड मशीन से तोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ पीपलकोटी चौकी में मुकदमा दर्ज किया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश बंडवाल ने कहा कि कुछ लोग विकास के विरोधी होते हैं। उनसे विकास कार्य नहीं देखे जा सकते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शीघ्र इस मामले में कठोर कार्रवाई अमल में लाने के लिए कहा है।

