इन दिनों बदरीनाथ धाम में बनी तीर्थयात्रियों की चहल-पहल, मौसम बना सुहावना–
बदरीनाथः बदरीनाथ धाम का मौसम इन दिनों सुहावना बना हुआ है। रात को हो रही बारिश के बाद दिनभर मौसम खुशनुमा बना हुआ है। बदरीनाथ धाम का मौसम तीर्थयात्रियों को लुभा रहा है। इस साल बदरीनाथ धाम की यात्रा शुरू होने के ढाई महीने में ही धाम में आने वाले यात्रियों की संख्या 10 लाख के पार पहुंच गई है।
आठ मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खुले थे। मई और जून में हर दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु धाम में दर्शनों के लिए पहुंचे। हालांकि बरसात के चलते यात्रियों की संख्या कम हुई है, लेकिन सावन के महीने में फिर से श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होने लगा है।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि रविवार शाम तक धाम में 1001273 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। बदरीनाथ धाम के व्यवसायी धीरज मेहता का कहना है कि इस देवस्थान में सुकून और आध्यात्म की अनुभूति होती है। बदरीनाथ धाम यानि भूतो न भविष्यति।
वे कहते हैं बदरीनाथ धाम के दर्शन मात्र से ही श्रद्घालुओं के कई जन्मों के पाप दूर हो जाते हैं। अधिकांश तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम के दर्शनों के बाद देश के अंतिम गांव माणा के सेर-सपाटे पर भी जा रहे हैं। मौसम मों आ रहे परिवर्तन से बदरीनाथ धाम में सुबह और शाम को ठंड बढ़ने लगी है। बदरीनाथ धाम में इन दिनों मास्टर प्लान का काम भी चल रहा है। जिससे जगह-जगह पर तीर्थयात्रियों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ रहा है।

