मंदिर में बारह साल बाद आयोजित हो रहा होम महायज्ञ का आयोजन, ग्रामीणों ने किया पौणा नृत्य–
बदरीनाथः देश के अंतिम गांव माणा में भगवान घंटाकर्ण के मंदिर में होम महायज्ञ का आयोजन शुरू हो गया है। इस दौरान गांव में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए। माणा गांव में श्री घंटाकर्ण होम महायज्ञ का आयोजन बारह साल बाद हो रहा है। इस आयोजन में शामिल होने के लिए देश-विदेश से भोटिया जनजाति के ग्रामीण अपने गांव पहुंचे हुए हैं। गांव में धार्मिक, आस्था का माहौल बना हुआ है। भगवान घंटाकर्ण को बदरीनाथ क्षेत्र का क्षेत्रपाल माना जाता है।
भगवान घंटाकर्ण बदरीनाथ क्षेत्र के रक्षक देव हैं। महायज्ञ के लिए विधि-विधान से अग्नि मंथन से अग्नि उत्पन्न की गई। शनिवार से मंदिर में श्रीमद भागवत कथा का आयोजन भी शुरू हो जाएगा। इस दौरान माणा गांव के महिला-पुरुषों ने पारंपरिक परिधान में सजधज कर पौणा नृत्य किया और भजन-कीर्तन का आयोजन किया। माणा गांव के ग्राम प्रधान पीतांबर मोल्फा ने बताया कि कई दिनों से माणा गांव में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित हो रहा ह। शुक्रवार को अग्नि स्थापना की गई। शनिवार से यहां श्रीमद भागवत कथा का आयोजन शुरू होगा। 5 अगस्त को जल यात्रा 6 को पूर्णाहुति के साथ ही ब्रह्मभोज के साथ ही समापन होगा।

