स्मैक की पोटली के साथ तीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल, ऑफिस कर्मचारियों में अफरा-तफरी–
चमोली। चमोली में गैरसैंण पुलिस द्वारा चैकिंग के दौरान हनुमान मंदिर आदिबदरी के पास अल्टो वाहन में बैठे तीन लोगों से 8.53 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। घटना शुक्रवार की है। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर अभियुक्तगणों के विरुद्ध थाना गैरसैंण पर NDPS Act की धारा 8/21/29 के तहत अभियोग पंजीकृत कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज किया गया है।
पुलिस द्वारा अन्य पूछताछ कर जनपद में स्मैक बेचने व खरीदारों को चिन्हित करने की रणनीति बनाई जा रही है, जिससे युवाओं को इस नशे के मकड़जाल से बचाया जा सके। जो आदतन स्मैक की खरीद फरोख्त में संलिप्त पाये जायेगें उनके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जायेगी। पुलिस की ओर से पकड़े गए अभियुक्तों में विजेन्द्र सिंह, ग्राम- सोनला थाना- कर्णप्रयाग जनपद चमोली, उम्र- 36 वर्ष, राहुल उर्फ ललित नेगी, निवासी ग्राम- रिठौली थाना कर्णप्रयाग, जनपद चमोली, उम्र-32 वर्ष और कैलाश सिंह निवासी- वार्ड न.-01 पनाई गौचर,थाना कर्णप्रयाग, जनपद चमोली, उम्र-40 वर्ष हैं। बताया जा रहा है कि स्मैक तस्कर एक विभाग में संविदा में नियुक्त कनिष्ठ अभियंता है। संविदा कनिष्ठ अभियंता के स्मैक की तस्करी में पकड़े जाने के बाद से उक्त विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक मनोज नैनवाल, आरक्षी सोबन सिंह और प्रेमप्रकाश थे।

