पीपलकोटी के गांव-गांव में मां नंदा की जय के गूंज रहे जयकारे, नौरख पहुंची नंदा की डोली–
पीपलकोटीः मां नंदा की डोली ने शनिवार का अगथला गांव में भ्रमण कर अपने भक्तों को दर्शन दिए। पीपलकोटी के मां दुर्गा मंदिर में पहुंची मां नंदा की डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर कैलाश जाने की आज्ञा मांगी। मां नंदा की डोली विभिन्न गांवों से होते हुए रात्रि प्रवास के लिए नौरख गांव पहुंच गई है।
सितंबर महिने में अब गांव-गांव में मां नंदा लोकजात मेले आयोजित होंगे। इसके लिए देवी भक्तों ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। नंदानगर विकास खंड के पर्यटन ग्राम ल्वाणी में 30 अगस्त से मां ज्वाला देवी मंदिर में धार्मिक और सांस्कृतिक विकास लोकजात मेला शुरू हुआ। यह मेला तीन दिनों तक आयोजित होगा। मंदिर समिति के अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट ने बताया कि मेले में महिला मंगल दलों की महिलाओं व स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। रामणी गांव में दो से चार सितंबर को नंदा लोकजात पर्यटन विकास मेले का आयोजन होगा।
निजमुला घाटी के अंतिम गांव ईराणी में चार सितंबर से तीन दिवसीय सप्तकुंड दुग्धकुंड पर्यटन औद्योगिक कृषि विकास मेला आयोजित होगा। मेला अध्यक्ष दिनेश सिंह नेगी ने बताया कि मेले की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। पीपलकोटी बंड क्षेत्र में 31 अगस्त को मां नंदा की डोली बंड भूमियाल मंदिर में प्रवेश करेगी। इस दौरान यहां दो दिवसीय मां नंदालोक जात मेले का आयोजन होगा।

