हायर सेंटर ले जाते वक्त रुद्रप्रयाग के समीप घायल ने तोड़ा दम, शनिवार को हुई थी वाहन दुर्घटना–
नंदानगरः शनिवार को देर शाम घाट-रामणी मोटर मार्ग पर हुए बोलेरो वाहन दुर्घटना में गंभीर घायल व्यक्ति रामणी गांव निवासी सुजान सिंह (75) पुत्र प्रेम सिंह ने दम तोड़ दिया है। जबकि चालक रामणी गांव के ही भरत राम स्वस्थ हैं। रविवार को सुबह घायलों को खाई से निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर में भर्ती कराया गया था। सोमवार को सुबह सुजान सिंह को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया था, लेकिन रुद्रप्रयाग के समीप उसने दम तोड़ दिया।
शनिवार को रामणी गांव से एक बरात नारंगी गांव गई थी, शाम को बरात से वापस आते वक्त बोलेरो वाहन चरबंग गांव के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में चालक भरत राम के अलावा रामणी गांव निवासी सुजान सिंह (75) पुत्र प्रेम सिंह भी सवार थे। सुजान सिंह को गंभीर चोटें आई।
रविवार को ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से घायलों को खाई से निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर में भर्ती कराया। अस्पताल प्रशासन ने प्राथमिक उपचार के बाद सोमवार को सुजान सिंह को हायर सेंटर के लिए रेफर किया, लेकिन रुद्रप्रयाग के समीप उन्होंने दम तोड़ दिया। जबकि भरत राम की हालत स्थिर है।