राजकीय इंटर कॉलेज मैठाणा में नए छात्र-छात्राओं के नाम से रोपे गए फलदार पौधे, दिए प्राकृतिक संरक्षण का संदेश–
गोपेश्वर, 09 अप्रैल 2025: चमोली जनपद में पेड़ वाले गुरुजी के नाम से प्रसिद्ध राजकीय इंटर कॉलेज मैठाणा के प्रधानाचार्य धन सिंह घरिया की पर्यावरण संरक्षण की पहल जारी है। उनके नेतृत्व में प्रवेशोत्सव पर इंटर कॉलेज में नए छात्र-छात्राओं के दाखिले के साथ ही उनके नाम से फलदार पौधों का रोपण भी किया गया।
छात्रों ने आंवला, कीवी, रीठा आदि के पौधे रोपे गए। नए शिक्षण सत्र से विद्यालय में 16 नए छात्र-छात्राओं का दाखिला हुआ है। प्रधानाचार्य पेड़ वाले गुरुजी धन सिंह घरिया के नेतृत्व में नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण किया।
प्रत्येक बच्चों के नाम से विद्यालय प्रांगण में पौधों का रोपण किया गया। प्रधानाचार्य धन सिंह घरिया ने कहा कि शिक्षा के साथ ही विद्यालय में प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया जा रहा है। इस मौके पर छात्र-छात्राओं को शिक्षण सामग्री भी वितरित की गई।