चार दिन तक चले नंदा अष्टमी पर्व से बनी रही रौनक, महिलाओं ने आयोजित किया दांकुड़ी नृत्य–
बदरीनाथः प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बदरीनाथ धाम के समीप बामणी गांव में चार दिन से चल रहा नंदा अष्टमी पर्व सोमवार को प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हो गया है। इस दौरान गांव की महिलाओं ने पारंपरिक दांकुड़ी नृत्य प्रस्तुत किया। बामणी गांव में नंदा अष्टमी को ग्रामीणों ने चार दिनों तक धूमधाम से मनाया। गांव में स्थित प्राचीन मां नंदा के मंदिर में हर साल नंदा अष्टमी पर्व को उत्साह के साथ मनाया जाता है। यहां पर्व के दौरान मां नंदा को चढ़ाने के लिए नीलकंठ पर्वत की तलहटी से ब्रह्मकमल लाया जाता है। नंदा
अष्टमी पर्व के दौरान होने वाली धार्मिक गतिविधियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ अन्य लोग भी पहुंचते हैं। जिससे गांव में खूब रौनक बनी रहती है। ग्रामीण युवक सोमेश पंवार, आयुष कोठारी, अमित कन्नी, अखिल पंवार आदि ने बताया कि मेले के समापन पर गांव में भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने मां नंदा का प्रसाद ग्रहण किया। स्थानीय श्रद्घालुओें के साथ ही तीर्थयात्रियों ने भी नंदा अष्टमी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

